Please assign a menu to the primary menu location under menu

Uncategorized

सीआरओ ने छह वारिसों को दी अपडेट खतौनी

  • कोविड से मृत होने के बाद वरासत के लिए चल रहा विशेष अभियान

बलिया। कोविड महामारी के चलते जिनकी मृत्यु हो चुकी है, ऐसे लोगों की संपत्ति के वरासत के लिए शासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में जनपद में भी मुख्य राजस्व अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वरासत अभियान चल रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत तहसीलदार सदर/डिप्टी कलेक्टर गुलाब चंद्रा ने सदर तहसील के छह वारिसों का वरासत कराया। मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) ने सभी वारिसों को उनकी अपडेट खतौनी दिया।

सीआरओ श्रीवास्तव ने कहा कि जिनकी मृत्यु कोविड-19 वजह से हुई है उनके परिजन को विरासत में कोई दिक्कत ना हो, इस लिहाज से यह विशेष अभियान चलाया गया है। सभी कानूनगो व लेखपालों को इसके लिए विशेष निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं, तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने भी आवाह्न किया है कि अगर कोई भी ऐसा मामला हो तो तत्काल सम्पर्क करें। उनकी वरासत सुविधाजनक तरीके से सुनिश्चित कराई जाएगी।

आगामी कांवर यात्रा व अन्य त्योहारों को शांति व्यवस्था सम्पन्न कराने के दिये निर्देश

धार्मिक व सामाजिक गानों का प्रयोग करने का आवाह्न

बलिया। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत व डीआईजी सुभाष चंद दुबे ने कंवर यात्रा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अन्य त्योहारों को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के मद्देनजर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने अपील करते हुए कहा कि कोविड-19 के कारण सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए त्योहारों को मनाएं। साथ ही सभी एसडीएम व थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि कांवर यात्रा से संबंधित मार्गों की साफ-सफाई और शिवालयों के ऊपर लटके हुए तारों को दुरुस्त करा लिया जाए। कांवर यात्रा के दौरान डीजे के माध्यम से अभद्र गानों का प्रयोग कत्तई न हो। धार्मिक व सामाजिक गानों का ही प्रयोग किया जाए। डीजे की ध्वनि सामान्य डेसीबल में रहे, इसका विशेष तौर पर ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि बकरीद में जहां-जहां कुर्बानी स्थल हो, वहां की साफ-सफाई करा लिया जाए, कुर्बानी निर्धारित स्थान पर ही हो। कुर्बानी के लिए नया स्थान का प्रयोग न किया जाए एवं प्रतिबंधित पशुओ की कुर्बानी न हो। सूअर बाड़े को कम से कम पांच दिन तक बंद रखा जाए। डीपीआरओ व नगर पालिका अपने-अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। नगर पंचायत में विशेष तौर पर पानी की सप्लाई की व्यवस्था कर लिया जाय और कुर्बानी के बाद मलवा सार्वजनिक स्थानों व खुले में न फेंका जाए, यह सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी अदिति सिंह ने कहा कि महावीर घाट से शिवरामपुर घाट से जल लेकर बालेश्वर मंदिर में जल चढ़ाया जाता है एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिव मंदिरों पर जल चढ़ाते हैं। घाटों पर महिलाओं को कपड़ा बदलने की व्यवस्था एवं गोताखोर, एंबुलेंस, नाव इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लिया जाए। इस संबंध में पीस कमेटी की बैठक सभी थानों पर चलेगी। दोनों पक्षों के धर्म गुरुओं से वार्ता करके त्योहारों को संपूर्ण सकुशल संपन्न कराया जाएगा। बैठक में डीएम अदिति सिंह, एसपी विपिन ताडा, सीडीओ प्रवीण वर्मा, एडीएम रामआसरे, सीएमओ राजेन्द्र प्रसाद एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Dainik Anmol News Team